आंध्र के 271 तीर्थयात्री तीन विशेष विमानों से घर लौटे

हैदराबाद। उत्तराखंड में फंसे आंध्र प्रदेश के 271 तीर्थयात्री बुधवार रात विशेष विमानों से अपने-अपने घरों को लौटे। 221 यात्रियों को लेकर दो विमान हैदराबाद में उतरे। 50 यात्रियों से भरा एक अन्य विमान विशाखापंट्टनम में उतरा। इन विमानों में से एक की व्यवस्था आंध्र प्रदेश सरकार ने की थी, जबकि दो का इंतजाम प्रमुख विपक्षी दल तेलुगुदेशम पार्टी [टीडीपी] ने किया था।
हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों के राय सरकार के विमान से उतरने के बाद माहौल बड़ा भावुक हो गया। आपदा में फंसे लोगों के सुरक्षित लौटने से खुश उनके परिजन अपने आंसुओं को रोक नहीं पा रहे थे। इस मौके पर यात्रियों के स्वागत को राय सरकार के अफसरों के अलावा कई कांग्रेसी नेता भी मौजूद थे। वहीं, टीडीपी के विमान से आए लोगों की अगवानी पार्टी के मुखिया एन.चंद्रबाबू नायडू के पुत्र एन. लोकेश ने की। ज्ञात हो, चंद्रबाबू अभी देहरादून में ही रुके हुए हैं। उनका कहना है कि राय के सभी लोगों की सुरक्षित वापसी तक वह यहीं रुकेंगे।
इस बीच राय सरकार के अधिकारियों ने कहा है कि सूबे से 2616 लोग चार धाम की यात्रा पर गए थे। इनमें से 1239 वापस लौट आए जबकि 933 लौटने की तैयारी में है। 284 यात्री लापता हैं, जिनमें से 153 हैदराबाद और 68 रंगारेड्डी जिले के हैं। बाकी 8 अन्य जिलों के हैं। उन्होंने बताया कि आपदा के बाद आई बाढ़ में 14 यात्रियों की मौत हो गई।

You might also like

Comments are closed.