पाक ने फिर किया संघर्षविराम उल्लंघन, मिला मुंहतोड़ जवाब

पुंछ और जम्मू जिलों में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा किये संघर्षविराम उल्लंघन के कारण सेना का एक जवान घायल हो गया। पाकिस्तानी गोलीबारी का भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। एक अधिकारी ने आज बताया कि पाकिस्तान की सेना ने लगातार तीसरे दिन संघर्षविराम का उल्लंघन किया। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘नियंत्रण रेखा पर पुंछ सेक्टर में सुबह पौने आठ बजे पाकिस्तानी सेना ने छोटे, स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार दागे।’’ उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने मुंहतोड़ और प्रभावी जवाब दिया। गोलीबारी अभी भी जारी है। अधिकारी ने बताया कि संघर्षविराम उल्लंघन के एक अन्य मामले में पाकिस्तानी सेनाओं ने गुरुवार रात अखनूर सेक्टर के खोउर बेल्ट में नियंत्रण रेखा से सटी अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की जिसका भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में एक भारतीय जवान मामली रूप से घायल हो गया। बुधवार को पाकिस्तानी जवानों ने पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दो नवंबर को पाकिस्तानी रेंजर्स ने एक गश्ती दल पर हमला किया जिसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था। पुंछ जिले के करमारा बेल्ट में नियंत्रण रेखा पर 31 अक्तूबर को पाकिस्तानी जवानों द्वारा छोटे हथियारों से की गयी गोलीबारी में एक लड़की घायल हो गयी थी। जिले में 18 अक्तूबर को पाकिस्तान की ओर से की गयी भारी गोलाबारी में दो वर्षीय एक बच्चे सहित आठ नागरिक घायल हो गये थे।

You might also like

Comments are closed.