लोकसभा चुनाव की रणनीति बनाने केरल पहुंचे अमित शाह

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एक दिवसीय केरल यात्रा पर आज यहां पहुंचे। वह आगामी लोकसभा चुनाव से पहले राज्य में पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने के इरादे से आए हैं। भाजपा सूत्रों ने बताया कि वह पार्टी की राज्य कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लेंगे और कुछ चुनिंदा जिले के नेताओं को संबोधित करेंगे और दक्षिण केरल के 6 संसदीय क्षेत्रों के पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। शाह के अपनी पार्टी के ‘ कॉन्टैक्ट फॉर समर्थन ’ अभियान के तहत राज्य की प्रमुख शख्सियतों से भी मिलने की संभावना है। इस दौरान वह उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। इसके अलावा वह लक्षद्वीप के नेताओं से भी चर्चा करेंगे। हालांकि , यह स्पष्ट नहीं है कि शाह की यात्रा के दौरान भाजपा की केरल इकाई के नये प्रमुख के नाम पर फैसला किया जाएगा या नहीं। यह पद कुम्मनम राजशेखरन को मई के अंत में मिजोरम का राज्यपाल नियुक्त किये जाने के बाद से खाली है। भाजपा दक्षिणी राज्य में अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रही है। दशकों से इस राज्य की राजनीति में माकपा नीत एलडीएफ और कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चे का दबदबा रहा है। भाजपा को इस राज्य में उतनी सफलता नहीं मिली है। राज्य के 2016 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत बढ़कर 14 फीसदी हो गया था लेकिन वह महज एक सीट जीत पाई थी। 2011 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को महज छह फीसदी वोट मिले थे।

You might also like

Comments are closed.