लॉकडाउन में घूम रहे थे बाहर, टोका तो कर दिया मर्डर

नजफगढ़। लॉकडाउन के दौरान बेवजह बाहर घूमने से मना किया तो झगड़ा इस कदर बढ़ गया कि बदमाशों ने ईंट मार मार कर युवक की हत्या कर दी। मामला नजफगढ़ के बाबा हरिदास नगर का है। महज 10 घंटे में इस सनसनीखेज वारदात के दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। झगड़े के समय भी आरोपियों ने बीमार भारत भूषण को पीटा और मौके से भाग गए। लेकिन इसके बाद भी उन्हें शांति नहीं मिली। कुछ देर बाद जब भारत अपने घर जाने लगा तो उन्होंने दोबारा उसे रोका और उस के सिर पर कई बार ईंट मारी। जब उन्हें लगा कि भारत मर गया है तो वह मौके से फरार हो गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते बुधवार को रात 9.45 बजे नानक प्याऊ से पीसीआर कॉल की गई, जिसमें कॉलर ने बताया कि वह झगड़े में घायल हो गया है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पता चला कि गोपाल नगर के रहने वाले भारत भूषण को उसके रिश्तेदार राव तुला राम अस्पताल ले गए हैं। पुलिस जब अस्पताल में पहुंची तो डॉक्टरों ने भारत को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसे सिर में काफी गहरी चोट लगी थी। छानबीन में पुलिस को वारदात की जगह से खून में लथपथ दो इंटें मिली हैं। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि मृतक का उक्त दिन कुछ झगड़ा हुआ था। इस मामले में पुलिस को एक जोगिंदर का क्लू मिला। लेकिन इसका फोन ऑफ था और वह अपने घर से गायब था। आसपास कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं थी। एसीपी विजय सिंह ने इस मामले में पूरी टीम को लगा दिया। छानबीन में टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर पुलिस दीपक और योगेंद्र तक पहुंची। दोनों गोपाल नगर के रहने वाले हैं और दोनों ओला में टैक्सी चलाते हैं। आरोपियों ने बताया कि वह मृतक को जानते थे। पूछताछ में दीपक ने बताया कि इन दिनों दोनों बेरोजगार हैं, क्योंकि ओला सर्विस नहीं चल रही है। 22 को वह भारत भूषण के एरिया में घूम रहे थे, तो भारत ने उसे टोक दिया। इसी बात को लेकर झगड़ा बढ़ गया। मृतक की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए दोनों ने उसे पिटा और वहां से भाग गए। लेकिन थोड़ी देर बाद जब भारत भूषण घर जाने लगे तो वह वापस आए और उन्होंने भारत पर ईंटों से हमला कर दिया।

You might also like

Comments are closed.