रेको के कार्यालय के बाहर पूर्व एजेंटों ने किया भारी विरोध प्रदर्शन
Former agents stage massive protest outside Reko's office

मिसिसॉगा। पूर्व आईप्रो रियल्टी एजेंटों के एक ग्रुप ने 2 सितंबर को ओंटेरियो रियल एस्टेट काउंसिल (रेको) के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और इसके सीईओ से मिलने की मांग की। रियल एस्टेट एजेंट आईप्रो के उपभोक्ता और कमीशन ट्रस्ट खातों में कथित तौर पर धन के दुरुपयोग के बाद जवाब मांग रहे थे।
लगभग एक दर्जन एजेंटों ने इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया और उनके हाथों में तख्तियाँ थीं जिन पर लिखा था :
‘हमें दंडित क्यों किया जा रहा है?’
‘हमारे बिल कौन चुकाएगा?’
‘रियल एस्टेट एजेंटों की रक्षा करें, गलत काम करने वालों की नहीं’
‘हमारे कमीशन पर लगी रोक हटाएँ’
‘हमें अपना पूरा कमीशन चाहिए’
‘निर्दोष रियल एस्टेट एजेंटों को सज़ा देना बंद करें’
‘कमीशन चुराया गया, भरोसा तोड़ा गया’
नितिन हीरा, जो पिछले तीन सालों से आईप्रो के एजेंट थे ने कहा कि वह रेको की सीईओ ब्रेंडा बुकानन के ग्रुप से मिलने और ‘हमारी चिंताओं का समाधान’ करने का आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके कमीशन या उनके ग्राहकों की जमा राशि कब वितरित की जाएगी। हीरा ने कहा,’हम पूर्णकालिक रियल एस्टेट एजेंट हैं और यही हमारी रोज़ी-रोटी है, यहाँ बहुत सारा पैसा दांव पर लगा है।’ ‘
हम अपने खरीदारों और विके्रताओं का चेहरा हैं और अगर उनका धन फंस जाता है, तो इसकी जि़म्मेदारी हमारी है।’ विरोध प्रदर्शन के आयोजकों में से एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि आईप्रो पर उनका 31,500 डॉलर बकाया है। उन्होंने कहा, ‘हमने सोचा था कि लोगों के वित्तीय विवरण और निवेश रखने के लिए एक ट्रस्ट खाता सबसे सुरक्षित खाता है।’ ‘हमारा भरोसा टूट गया है, रेको को हमारे विश्वास को बहाल करने की ज़रूरत है।’
राज्य में रियल एस्टेट एजेंटों और ब्रोकरेज को नियंत्रित करने वाली कंपनी रेको ने 14 अगस्त को घोषणा करते हुए कहा कि आईप्रो 19 अगस्त को बंद हो जाएगा क्योंकि उसके खातों में एक बड़ी गड़बड़ी पाई गई हैं, जो रेको की जि़म्मेदारियों का गंभीर उल्लंघन दर्शाता है। रेको ने तब से धन की सुरक्षा के लिए आईप्रो के खातों पर रोक लगाने का आदेश दिया है।
कंपनी में लगभग 2,400 एजेंट कार्यरत थे और मिसिसॉगा, ब्रैम्पटन, बर्लिंगटन, मिल्टन, जॉर्जटाउन, वुडब्रिज, ऑरेंजविले और पिकरिंग सहित 17 स्थानों से काम करती थी। रेको के अनुसार, मई के अंत में होने वाले निरीक्षण से पहले आईप्रो के खातों में इस बड़ी कमी की पहचान की गई थी। रेको ने कहा कि शुरुआती कमी 10.5 मिलियन डॉलर थी, लेकिन बाद में यह 8 मिलियन डॉलर से भी कम बताई गई, जब आईप्रो को अपनी संपत्तियों की बिक्री से प्राप्त धनराशि ट्रस्ट के खातों में वापस कर दी गई।
हीरा ने कहा, ‘रेको को सबसे बड़े सवाल का जवाब देना होगा कि जब रेको को इस विसंगति का पता चला, तो आईप्रो एजेंटों और आम जनता को तुरंत सूचित क्यों नहीं किया गया’। उन्होंने बताया कि वह और उनके अन्य पूर्व एजेंट पिछले कुछ हफ़्तों से काम नहीं कर पा रहे थे क्योंकि ‘हम इस उलझन में फँसे हुए हैं, अपने बकाया कमीशन को लेकर चिंता और तनाव में हैं।’ रेको ने इस लेख के लिए निर्धारित समय सीमा तक टिप्पणी के अनुरोध का जवाब नहीं दिया।
22 अगस्त को, बुकानन ने घोषणा करते हुए कहा कि रेको के रजिस्ट्रार जोसेफ रिचर, जिन्होंने सबसे पहले आईप्रो मामले को देखा था, उसी दिन से एजेंसी छोड़ चुके हैं। उस समय एक बयान में, बुकानन ने कहा कि वह ‘पारदर्शिता, निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए रेको के बोर्ड के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

Comments are closed.