फीफा फैन फेस्ट टोरंटो के मुफ्त टिकट कुछ ही घंटों में बिक गए

Free FIFA Fan Fest Toronto tickets sold out in hours

– वहीं दूसरी ओर सिटी प्रशासन का कहना है कि भविष्य में और टिकट जारी किए जाएँगे

टोरंटो। जिन फैन्स को टोरंटो के फीफा फैन फेस्टीवल के लिए मुफ्त जनरल एडमिशन टिकट नहीं मिले, उन्हें चिंता करने की जरुरत नहीं है, क्योंकि सिटी प्रशासन आने वाले हफ्तों में और टिकट जारी करने की योजना बना रहा है। ज्ञात हो कि ये फैन्स गत बुधवार को टिकट खरीदने आएं थे, लेकिन बिक्री के लिए आते ही टिकटें कुछ ही घंटों में बिक गई थी।

टोरंटो के सॉकर फैन्स सुबह 10 बजे से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर पाए, जिसमें हजारों मुफ्त जनरल एडमिशन टिकटों के साथ-साथ 100 डॉलर से 300 डॉलर के बीच की कीमत वाले प्रीमियम पैकेज भी उपलब्ध थे।

टिकट 22 अलग-अलग तारीखों के लिए उपलब्ध थे, लेकिन दोपहर तक ऐसा लगा कि मुफ्त जनरल एडमिशन की सुविधा अब उपलब्ध नहीं है। एक स्टाफ रिपोर्ट में पहले बताया गया था कि रोजाना 15,600 टिकट मुफ्त दिए जाएँगे।

एक बयान में, फीफा वल्र्ड कप टोरंटो सचिवालय ने कहा कि सिटीवासियों से मिली प्रतिक्रिया देखकर वे बहुत उत्साहित है, क्योंकि टिकटों की माँग उम्मीद से कहीं ज्यादा रही। शैरोन बॉलेनबेच ने कहा,’यह उत्साह उस जोश को दिखाता है जो टोरंटो में बढ़ रहा है, क्योंकि सिटी फीफा वल्र्ड कप 2026 के लिए दुनिया का स्वागत करने और हमारी ‘वल्र्ड इन ए सिटी’ की भावना का जश्न मनाने के लिए तैयार हो रहा है।’

उन्होंने बताया कि 220,000 टिकटों का पहला बैच पहले चार घंटों के भीतर ही बिक गया। प्रीमियम टिकट अभी भी उपलब्ध हैं। बॉलेनबेच ने कहा,’हमें उम्मीद है कि फीफा फैन फेस्टीवल टोरंटो पूरे टूर्नामेंट के दौरान एक लोकप्रिय इवेंट बना रहेगा।’ टोरंटो की रहने वाली क्लेयर वरगेरा जो चार टिकट पाने में कामयाब रहीं, उन्होंने कहा कि हमने टिकटों की बिक्री को किसी बड़े कॉन्सर्ट की बिक्री की तरह ही गंभीरता से लिया।

उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा,’मैंने टिकटमास्टर पर जल्दी जाने को अपना एक मिशन ही बना लिया था। इसलिए मैं पहले से ही यूपी एक्सप्रैस में बैठकर काम पर जा रही थी, हाथ में टिकटमास्टर ऐप वाला फोन था और टिकटों की लाइन खुलने का इंतजार कर रही थी।’ उन्होंने आगे कहा,’जैसे ही लाइनें खुलीं, मैं काफी तेजी से वे जनरल एडमिशन टिकट ले पाई। उस समय टिकट आसानी से मिल रहे थे और यह सब कुछ वैसा ही था जैसे स्कॉटियाबैंक में ब्रुनो मार्स या एरीना ग्रांडे जैसे किसी बड़े कॉन्सर्ट के लिए लाइनें खुलती हैं।’

You might also like

Comments are closed.