
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह को अपनी मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल किया है। एजेंसी का आरोप है कि वह एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है, जो अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में बड़े पैमाने पर कोकीन और मेथामफेटामाइन जैसे नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। फिलहाल हरमनवीर सिंह फरार है और उसकी तलाश जारी है।
FBI के अनुसार हरमनवीर सिंह कथित तौर पर ‘रविंदर ढांडा ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप’ का सदस्य है। जांच एजेंसी का दावा है कि यह गिरोह कनाडा के वैंकूवर से संचालित होता है और अमेरिका, कनाडा तथा मेक्सिको में सक्रिय तस्करों तक बड़ी मात्रा में ड्रग्स पहुंचाने का काम करता था।
जांच में जुटाए गए सबूतों के आधार पर अमेरिका की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने 23 जून को हरमनवीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। उस पर ड्रग्स तस्करी की साजिश रचने, नशीले पदार्थों के निर्यात की योजना बनाने और बिक्री के उद्देश्य से ड्रग्स रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
FBI का कहना है कि हरमनवीर सिंह अपनी पहचान छिपाने के लिए हरी गौतम और हरमन संधू जैसे नामों का भी इस्तेमाल करता था। एजेंसी के रिकॉर्ड के मुताबिक उसकी जन्मतिथि 26 सितंबर 1994 है। वह भारतीय नागरिक है, उसकी लंबाई लगभग 5 फीट 7 इंच, वजन करीब 190 पाउंड है तथा उसके बाल और आंखें काले रंग के हैं।
FBI ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास हरमनवीर सिंह के ठिकाने या उससे जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो वह तुरंत एजेंसी के निकटतम कार्यालय, अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क करे। जानकारी ऑनलाइन या गुप्त रूप से भी साझा की जा सकती है।
इस मामले की जांच FBI के लॉस एंजिलिस फील्ड ऑफिस की टीम कर रही है। एजेंसी का मानना है कि हरमनवीर सिंह की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के इस नेटवर्क का खुलासा करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। फिलहाल उसकी तलाश के लिए कई अमेरिकी एजेंसियां संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं।
Comments are closed.