
टोरंटो। ओंटेरियो के प्रीमियर डग फोर्ड का कहना है कि किसी भी पुलिस अफसर की हत्या के दोषी व्यक्ति को 30 साल तक पैरोल नहीं मिलनी चाहिए। सोमवार को प्रधानमंत्री मार्क कार्नी को भेजे गए एक पत्र में, प्रीमियर फोर्ड ने कई समझदारी भरे उपायों का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि ये उपाय हमारे बहादुर फ्रंटलाइन अफसरों की सुरक्षा में मदद करने के लिए जरुरी हैं, खासकर हाल ही में हुई कई हिंसक घटनाओं के बाद, जिनमें पिछले महीने ओंटेरियो के बेलेविल में एक सिनेगॉग के बाहर तैनात अफसर पर गोलीबारी की घटना भी शामिल है।
ज्ञात हो कि कॉन्स्टेबल जेफ स्मिथ तब गंभीर रुप से घायल हो गए थे जब एक संदिग्ध ने उन पर गोली चलाई थी। पुलिस ने इस घटना को यहूदी समुदाय पर पहले से सोची-समझी और टारगेटेड कार्रवाई बताया था। फोर्ड ने कहा,’बढ़ते सबूतों को देखते हुए, इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता है कि हमारे फ्रंटलाइन अफसरों और समुदायों में लोगों की सुरक्षा के लिए और कदम उठाने की जरूरत है।Ó अपने पत्र में, फोर्ड ने कार्नी से क्रिमिनल कोड में बदलाव करने की भी अपील की ताकि पुलिस अफसर की मौत के मामले में फस्र्ट-डिग्री मर्डर के दोषी व्यक्ति के लिए पैरोल न मिलने की अवधि को 25 साल से बढ़ाकर 30 साल किया जा सके।
उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि ‘गिरफ्तारी का विरोध करने वाले, पुलिस अफसर पर हमला करने वाले या पुलिस से भागने वाले लोगों’ के लिए छह महीने की नई अनिवार्य न्यूनतम सजा का प्रावधान किया जाएं, जब वे शारीरिक नुकसान पहुँचाते हैं या दूसरे लोगों की जान या सुरक्षा को खतरे में डालते हैं। फोर्ड यह भी चाहते हैं कि घरों में घुसकर हिंसा करने के लिए अधिकतम सजा उम्रकैद हो और क्रिमिनल कोड में ऐसे बदलाव किए जाएँ जिनसे यह तय हो सके कि एक ही घटना में कई अपराधों के दोषी व्यक्ति को उन सजाओं को एक साथ नहीं, बल्कि एक के बाद एक काटना होगा।
