पाकिस्तान ने दागे रॉकेट, छह लोग घायल

राजौरी ,  पुंछ जिले के साब्जियां सेक्टर में आतंकियों की घुसपैठ करवाने के लिए पाक सेना ने बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक भारी गोलीबारी की। इस दौरान भारतीय चौकियों के साथ-साथ पाकिस्तान ने सीमावर्ती गांवों को भी निशाना बनाकर कई मोर्टार व रॉकेट दागे। इसमें तीन महिलाओं सहित छह ग्रामीण घायल हो गए। इनमें से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल जम्मू रेफर कर दिया गया। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत के बाद सीमावर्ती गांवों के लोग दहशत में हैं।

पाक सेना ने बुधवार शाम करीब छह बजे आतंकियों के दल को भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करवाने के लिए गोलीबारी शुरू की। इसका भारतीय सेना ने भी करार जवाब दिया, जिसके बाद घुसपैठिये वापस भाग गए और पाक सेना ने भी गोलीबारी बंद कर दी। देर रात पाक सेना ने फिर से दस आतंकियों की घुसपैठ करवाने के लिए भारतीय चौकियों के साथ सीमावर्ती गांव गखड़ियां में रॉकेट व मोर्टार दागे। भारत ने जवाबी कार्रवाई कर घुसपैठ को तो नाकाम बना दिया, लेकिन पाक गोलीबारी में छह ग्रामीण घायल हो गए।

आसपास के लोगों, सेना व सीमा सुरक्षा बलों के जवानों ने घायलों को उपचार के लिए तुरंत उपजिला अस्पताल मंडी पहुंचाया। सीमा पर बनी स्थिति पर सेना के उच्चाधिकारी पूरी नजर बनाए हुए हैं।

You might also like

Comments are closed.