रामलीला मैदान में सफाई कर्मचारियों संग संवाद करेंगे सीएम केजरीवाल

sweeper

नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने सफाई कर्मचारियों संग संवाद का आयोजन किया है। संवाद का ये कार्यक्रम आज शाम चार बजे से रामलीलाल मैदान में शुरू होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत संसदीय सचिव, मुख्य सचिव, विधायक और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
दिल्ली सरकार ने तीनों निगमों को लिखा पत्र
दिल्ली सरकार ने संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तीनों नगर निगमों के अधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि निगम अधिकारी सफाई कर्मचारियों को कार्यक्रम में भेजें। इससे निगम के नेताओं में खलबली मची हुई है क्योंकि इसे निगम के अधिकारों के हनन के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा करेगी विरोध प्रदर्शन
रामलीला मैदान में बुलाया गया संवाद कार्यक्रम आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच जोर आजमाइश का अखाड़ा बन गया है। भाजपा पार्षदों ने कार्यक्रम के विरोध में रामलीला मैदान के बाहर प्रदर्शन करने का एलान किया है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि यदि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को सुनने के लिए सफाई कर्मचारियों की भीड़ उमड़ती है तो भाजपा को अपनी आगे की रणनीति में बदलाव करने पर विचार करना होगा। सफाई कर्मचारी कम संख्या में पहुंचे तो उसे आप को घेरने का मौका मिल जाएगा। दोनों पार्टियों के घमासान के बीच कांग्रेसी पार्षद चुप हैं और संवाद कार्यक्रम के नतीजे के इंतजार में हैं।
संवाद को भाजपा ने बताई राजनीति
सूत्रों के अनुसार इस बीच भाजपा नेताओं ने सफाई कर्मचारी यूनियनों की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इसमें सफाई कर्मचारियों को कार्यक्रम में पूछे जाने वाले सवाल बताए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जाने वाले सफाई कर्मचारियों पर निगम के नेताओं की भी निगाहें हैं। निगम के नेताओं का कहना है कि कर्मचारियों को वेतन निगम जारी करता है लिहाजा दिल्ली सरकार द्वारा किया जा रहा संवाद कार्यक्रम राजनीति से प्रेरित है।
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के महापौर सुभाष आर्य ने कहा कि दिल्ली सरकार ने निगम को 100 करोड़ रुपये देने की बात की है। यह फंड विकास के नाम पर दिया जा रहा है लेकिन इससे कर्मचारियों को केवल एक महीने का वेतन ही दिया जा सकेगा। महापौर ने कहा कि बाकी ग्यारह महीनों के वेतन के लिए सरकार क्या करेगी। उन्होंने कहा कि संवाद कार्यक्रम का आयोजन कर सरकार निगम के कार्य में हस्तक्षेप कर रही है। अगर तीनों नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की संख्या की बात करें तो उत्तरी दिल्ली नगर निगम में 25,000 सफाई कर्मचारी हैं। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में 22,000 और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में 18,000 सफाई कर्मचारी हैं।

You might also like

Comments are closed.