एक अरब साल में धरती हो जाएगी जीवनरहित

लंदन। एक ताजा शोध में दावा किया गया है कि आने वाले एक अरब साल में पृथ्वी जीवन रहित होगी। यानी धरती से सभी जीव-जंतु और पेड़-पौधे खत्म हो जाएंगे।
अनुसंधानकर्ताओं का ये भी दावा है कि ये महाविनाश फिलहाल ग्लोबल वार्मिग का दंश झेल रही पृथ्वी पर ग्रीनहाउस गैसों की अधिकता से नहीं होगा। ये महाविनाश पृथ्वी के वातावरण में कार्बन डाईऑक्साइड गैस की अत्यधिक कमी के कारण होगा।
सेंट एंड्रयू यूनिवर्सिटी के एस्ट्रोबायोलॉजिस्ट जैक ओ मैली के एक शोध के अनुसार अगले एक अरब साल में वाष्पीकरण की दर अत्यधिक बढऩे, वर्षा के जल के साथ रासायनिक क्रिया होने से पृथ्वी के वातावरण से अधिक से अधिक मात्र में कार्बन डाइऑक्साइड खत्म हो जाएगी। सीओ के गिरते स्तर के कारण पेड़-पौधे और जीव-जंतु खत्म हो जाएंगे और हमारी धरती सिर्फ एक कोशकीय जीवों यानी माइक्रोब्स का घर बनकर रह जाएगी।
हालांकि इसके बावजूद पृथ्वी पर आक्सीजन रहेगी और सभी महासागरों के सूख जाने से तेजी से पृथ्वी का तापमान बढ़ता जाएगा। पृथ्वी से एक अरब साल बाद महासागरों का पूरी तरह से सफाया हो चुका होगा। इस सब की मुख्य वजह सूर्य ही होगा। अपनी आधी उम्र गुजार चुका सूर्य आने वाले कुछ अरब सालों में तेज लपटें छोड़ेगा जो धरती को झुलसा देंगी और सारा पानी सूख जाएगा।
इसके अलावा सूर्य की तेज किरणों के कारण पृथ्वी पर अत्यधिक विकरण भी होगा। इसके बाद पृथ्वी पर जीवन नामुमकिन हो जाएगा। चूंकि जीवन की मौलिक आवश्यकता जल ही है। हालांकि थोड़ा पानी धरती पर जमीन के नीचे गहरे में, गुफाओं आदि में रह सकता है। जहां माइक्रोब्स जैसे जीवन ही पनपेंगे।

You might also like

Comments are closed.