
ओंटेरियो : कैनेडा की केंद्र व राज्य सरकारों ने आवास के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पर 1 बिलियन डॉलर के खर्च का ऐलान किया हैं
औटवा। ओंटेरियो और औटवा मिलकर राज्य की नगरपालिकाओं को अधिक से अधिक घर बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में मदद करने के लिए 1 बिलियन डॉलर तक की राशि देने का ऐलान कर रहे हैं।
यह धन उन नगरपालिकाओं को दिया जाएगा जो सड़कों, पुलों और पानी की व्यवस्था जैसी चीजों के लिए डेवलपमेंट चार्ज नहीं लेती हैं। ओंटेरियो सरकार और केंद्र सरकार, दोनों ही 500 – 500 मिलियन डॉलर का योगदान दे रही हैं। केंद्रीय आवास मंत्री ग्रेगर रॉबर्टसन का कहना है कि इस साझेदारी से शुरुआती लागत कम होगी और घरों की सप्लाई बढ़ेगी।
ओंटेरियो के कार्यवाहक इंफ्रास्ट्रक्चर मिनिस्टर टॉड मैकार्थी का कहना है कि इसका मकसद अमेरिकी टैरिफ की वजह से पैदा हुई आर्थिक अनिश्चितता के बीच स्थानीय अर्थव्यवस्थाओं को मजबूत करना है। फंडिंग के लिए योग्य नगरपालिकाओं से आवेदन 29 अक्टूबर, 2026 को मंगाए जाएंगे और प्रोजेक्ट्स का चयन वसंत ऋतु में किया जाएगा।
मैकार्थी ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि प्रांत को पता चला है कि नए हाउसिंग डेवलपमेंट में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने और उसे अपग्रेड करने की लागत है। उन्होंने कहा, ‘हम जानते हैं कि कई नगरपालिकाएं मरम्मत के लंबित कामों, निर्माण की अधिक लागत और जरुरी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए सीमित फंडिंग स्रोतों जैसी चुनौतियों का सामना कर रही हैं, खासकर तब जब वे डेवलपमेंट चार्ज लागू नहीं करती हैं।’
फोर्ड सरकार टोरंटो में बाइक लेन हटा सकती है : कोर्ट ऑफ अपील
एसोसिएशन ऑफ म्युनिसिपैलिटीज ऑफ ओंटेरियो की प्रेसिडेंट रॉबिन जोन्स ने इस कदम की तारीफ करते हुए कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी चुनौतियां ग्रामीण, छोटे और उत्तरी समुदायों के लिए खास तौर पर मुश्किल हो सकती हैं।
