
औटवा। अगले हफ्ते से अमेरिका पर कैनेडा के काउंटर-टैरिफ लागू होने वाले हैं, इसलिए कई ग्राहक उन चीजों पर लगने वाले अतिरिक्त टैक्स के असर को लेकर परेशान हैं। औटवा में कार्लटन यूनिवर्सिटी के स्प्रॉट स्कूल ऑफ बिजनेस में एसोसिएट प्रोफेसर इयान ली जैसे जानकारों का कहना है कि केंद्र सरकार के काउंटर- टैरिफ की वजह से कैनेडियनस के लिए अमेरिकी सामान महंगे हो जाएंगे।
अगर वे इन्हें खरीदने की सोच रहे हैं, तो उन्हें शायद सितंबर की सुनिश्चित तिथि से पहले ही खरीद लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर आपका फ्रिज या वॉशिंग मशीन खराब हो जाती है और आपको उसे बदलना पड़ता है, तो 8 सितंबर के बाद इसमें ज्यादा खर्च आएगा, इसलिए लोगों को यह फैसला समय पर करना होगा।
21 अगस्त को औटवा और वॉशिंगटन के बीच व्यापार वार्ता विफल हो गई, जिसके परिणामस्वरूप बिलीयनस ऑफ डॉलर के कैनेडियन उत्पादों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया गया। इसके जवाब में, औटवा ने पिछले हफ्ते लगभग 700 अमेरिकी आयातित वस्तुओं पर, जिनकी कीमत 27.6 बिलियन डॉलर है, डॉलर-के-बदले-डॉलर काउंटर टैरिफ की घोषणा की थी।
ज्ञात हो कि कैनेडा के काउंटर-टैरिफ जो 15, 25 और 50 प्रतिशत के स्तर पर हैं, 8 सितंबर से लागू होंगे। इन लक्षित आयातित वस्तुओं में मेकअप और रसोई के उपकरणों से लेकर स्मार्टफोन और कुछ डेयरी उत्पाद शामिल हैं, जिनमें कैनेडा-अमेरिका-मेक्सिको समझौते (सीयूएसएमए) के तहत आने वाले उत्पाद भी शामिल हैं।
ओंटेरियो के हैमिल्टन में मैकमास्टर यूनिवर्सिटी के अर्थशास्त्री कॉलिन मैंग ने कहा कि कैनेडा ने काउंटर-टैरिफ के इस दौर में पिछले साल की तुलना में कम अमेरिकी उपभोक्ता वस्तुओं को लक्षित किया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जवाबी टैरिफ के लिए कुछ अमेरिकी उत्पादों को चुना क्योंकि अधिकतर मामलों में, कैनेडियन और अंतर्राष्ट्रीय विकल्प मौजूद हैं। मैंग ने कहा,”मैं कहूंगा कि अगर आपका कोई खास पसंदीदा उत्पाद है जिस पर टैरिफ लगाया जा रहा है, तो टैरिफ लागू होने से पहले उसे खरीद लेना अच्छा विचार होगा।”
मैंग ने कहा कि उन्हें कुछ आम घरेलू वस्तुओं की कमी की आशंका नहीं है, लेकिन कॉस्मेटिक्स, कपड़े और हैंडबैग जैसे पसंदीदा ब्रांड वाले उपभोक्ता स्टॉक जमा करना चाह सकते हैं।
मैंग ने कहा, ”इसलिए, ऐसे मामलों में, कोई व्यक्ति टैरिफ शुरु होने से पहले स्टॉक जमा करने पर विचार कर सकता है।” ”लेकिन टॉयलेट पेपर जैसी सामान्य वस्तुओं के लिए, जिनके बाजार में बहुत सारे विकल्प मौजूद हैं, उन वस्तुओं को जल्दी-जल्दी खरीदकर स्टॉक जमा करने का कोई खास कारण नहीं है, क्योंकि ऐसे अन्य उत्पाद भी उपलब्ध होंगे जिन पर टैरिफ नहीं लगेगा।”
ट्रेड वॉर को लेकर चिंता के बावजूद, मैंग ने कहा कि पिछले साल अमेरिका के टैरिफ के पहले दौर के जवाब में कैनेडा ने जो 25 प्रतिशत का जवाबी टैरिफ लगाया था, उसका कैनेडियनस की जेब पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
उन्होंने मई में प्रकाशित बैंक ऑफ कैनेडा की एक स्टडी का हवाला दिया, जिसमें दिखाया गया था कि जिन चीजों पर टैरिफ लगाया गया था, उनकी औसत कीमत में बढ़ोतरी बिना टैरिफ वाली चीजों की तुलना में सिर्फ 6 प्रतिशत के आसपास थी और इसने कंज्यूमर प्राइस इन्फ्लेशन में सिर्फ 0.3 परसेंटेज पॉइंट का योगदान दिया।
