ज्यूरिख शतरंज चैलेंज: आनंद ने गेलफेंड को हराया

ज्यूरिख : पूर्व विश्व चैम्पियन विश्वनाथन आनंद ने इस साल क्लासिकल शतरंज में पहली जीत दर्ज करते हुए आज यहां ज्यूरिख शतरंज चैलेंज के चौथे दौर में इजराइल के बोरिस गेलफेंड को हराया। चार बाजियों में पहली जीत के बाद आनंद तीन अंक के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। पहली तीन बाजियों में दो हार और ड्रा के बाद इस जीत से आनंद का मनोबल बढ़ेगा। शीर्ष कैटेगरी की इस प्रतियोगिता की तीनों बाजियों का नतीजा निकला।

विश्व चैम्पियन मैग्नस कार्लसन ने ब्लिट्ज बाजी में अपनी हार का बदला चुकता करते हुए इटली के फाबियानो कारूआना को हराया जबकि आर्मेनिया के लेवोन अरोनियन ने अमेरिका के हिकारू नाकामूरा को शिकस्त दी। चार बाजियों में तीसरी जीत दर्ज करने वाले कार्लसन सात अंक के साथ शीर्ष पर हैं। इस टूर्नामेंट की स्कोरिंग प्रणाली के अनुसार जीत पर दो जबकि ड्रॉ पर एक अंक दिया जा रहा है।

आरोनियन छह अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं। आनंद, कारूआना और नाकामूरा तीन अंक के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर है। गेलफेंड दो अंक के साथ अंतिम स्थान पर हैं। टूर्नामेंट में अभी एक क्लासिकल और पांच रेपिड बाजियां खेली जानी बाकी हैं।

You might also like

Comments are closed.