
स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल में फ्रांस को हराकर स्पेन ने 2010 के बाद पहली बार विश्व कप के फाइनल का टिकट कटाया। लेकिन इस जीत के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच भी एक दिलचस्प चर्चा शुरू हो गई है।
दरअसल, 2010 में जब स्पेन फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा और फिर चैंपियन बना, उसके अगले ही साल 2011 में टीम इंडिया ने 28 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। अब एक बार फिर स्पेन विश्व कप के फाइनल में पहुंच गया है और अगले साल 2027 में वनडे वर्ल्ड कप भी खेला जाना है। ऐसे में सोशल मीडिया पर कई फैंस इसे टीम इंडिया के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं।
अगर स्पेन इस बार भी फीफा वर्ल्ड कप जीतने में कामयाब रहता है, तो 2010-11 जैसा संयोग दोबारा बनने की उम्मीद और मजबूत हो जाएगी। हालांकि यह महज एक दिलचस्प संयोग है, जिसका खेल के नतीजों से कोई सीधा संबंध नहीं है।
अब फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन का सामना अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा। स्पेन की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत डिफेंस रहा है। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ एक गोल खाया है, जो उसके शानदार प्रदर्शन की गवाही देता है।