शाहरुख खान के ड्राइवर पर रेप का आरोप, मामले में बड़ा खुलासा

27_06_2014-27rapeमुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के ड्राइवर को एक अभिनेत्री के घर काम करने वाली युवती से रेप के जिस मामले में गिरफ्तार किया गया था, उसमें नया और बड़ा खुलासा हुआ है। लातूर की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को अपने बयान में खुद को नाबालिग बताया, लेकिन उसके आधार कार्ड में उसकी उम्र 24 साल लिखी है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पीड़िता ने इतना बड़ा झूठ क्‍यों बोला।

आरोपी राजेंद्र कुमार गौतम [34] उर्फ पिंटू मिश्रा ने पीड़िता को शाहरुख के बंगले ‘मन्नत’ में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। पुलिस सहायक आयुक्त शिवाजी राव कोलेकर के अनुसार पीड़िता क्रिकेटर से नेता बने कांग्रेस के पूर्व सांसद की पूर्व पत्नी व अभिनेत्री के घर काम करती थी। कम वेतन की वजह से वह नई नौकरी की तलाश में थी। इसी सिलसिले में उसकी गौतम से बात हुई थी। गौतम शुक्रवार को पीड़िता से मिला था। उसने भरोसा दिया था कि शाहरुख के मुंबई लौटते ही वह उसकी नौकरी के लिए बात करेगा। अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर वह उसे मुंबई से सटे ठाणे के नालासोपारा इलाके के एक लॉज में ले गया और दुष्कर्म किया।

पीड़िता बांद्रा स्थित अभिनेत्री के घर में छह महीने से नौकरानी का काम कर रही थी। पीड़िता की शिकायत पर बुधवार को बांद्रा थाने की पुलिस ने गौतम को गिरफ्तार कर लिया। उसे बृहस्पतिवार को बांद्रा कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 1 जुलाई तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। उस पर अपहरण की धारा भी लगाई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है।गौतम करीब एक साल से शाहरुख के घर पर ड्राइवर है। उसे किसी जान-पहचान वाले ने नौकरी पर रखवाया था।

 

11वीं तक पढ़ी पीड़िता के पिता को सूचना दे दी गई है। वे शुक्रवार को मुंबई आएंगे। पीड़िता सदमे में है और गांव लौटना नहीं चाहती। वह मुंबई में भी नहीं रहना चाहती। बृहस्पतिवार को उसका मेडिकल हुआ।

You might also like

Comments are closed.