संयुक्त राष्ट्र ने किया प्रथम विश्व युद्ध के भारतीय सैनिकों को सम्मानित

संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने एक समारोह के तहत प्रथम विश्व युद्ध में हिस्सा लेने वाले दस लाख से अधिक भारतीयों को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर विश्व युद्ध की स्मृतियों पर आधारित व संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी राजदूत द्वारा लिखी गई एक किताब का भी विमोचन किया गया।

बुधवार को आयोजित हुए एक समारोह में बान की मून ने कहा, भारत उस समय ब्रिटिश साम्राज्य का हिस्सा था जब प्रथम विश्व युद्ध में उसके दस लाख से अधिक सैनिकों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 60 हजार शहीद हुए थे। इतिहास अब तक भारतीय सैनिकों के गौरवमय बलिदान की अनदेखी करता आया है। बान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष राजदूत जॉन ऐश के साथ मिलकर प्रथम विश्व युद्ध से जुड़ी 113 पन्नों की किताब ‘इंडियन वार’ का विमोचन किया। इस किताब में प्रथम विश्व युद्ध में शहीद होने वाले कई गुमनाम भारतीयों का चित्रों के माध्यम से संक्षिप्त कहानी बयान की गई है। इसके अलावा इस किताब में भारत, यूरोप, पश्चिम एशिया और अफ्रीका से जुड़ी युद्ध स्मृतियों का भी वर्णन किया गया है।

किताब के लेखक व संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी राजदूत अशोक मुखर्जी ने इस मौके पर कहा, 14 अगस्त, 1914 को महात्मा गांधी द्वारा ब्रिटिश सरकार को लिखे गए एक खत के भी सौ साल पूरे हो गए हैं। खत में राष्ट्रपिता ने लिखा था कि विश्व युद्ध में भाग लेने का भारत का फैसला इस महान साम्राज्य की जिम्मेदारियों को साझा करने की हमारी इच्छा से जुड़ा है।

You might also like

Comments are closed.