1605 दिनों में ट्विटर पर लिख डाली ‘महाभारत’!

लंदन। भारतीय जनमानस में रचे-बसे महाकाव्य महाभारत की कथा को ट्विटर जैसी माइक्रो ब्लॉगिंग साइट पर उतारना एक चुनौतीपूर्ण काम है। मगर ब्रिटेन में रहनेवाले एक भारतीय शिक्षक डॉक्टर चिंदू श्रीधरन ने इस काम को बख़ूबी अंजाम दिया है।
डॉक्टर श्रीधरन ने @epicretold हैंडल से महाभारत की कथा को ट्विटर पर लिखने की शुरुआत साल 2009 में की और इसे पूरा करने में उन्हें चार साल लगे। ब्रिटेन के बॉर्नमथ यूनिवर्सिटी के मीडिया और कम्यूनिकेशन विभाग में पढ़ानेवाले डॉक्टर श्रीधरन की विशेषज्ञता युद्ध अध्ययन में है और महाभारत को भी वह युद्ध कथा के रूप में देखते हैं। कुल 1605 दिनों में लिखी गई इस महाभारत को उन्होंने 2628 ट्वीट्स में पूरा किया। अब इसे एपिक रिटोल्ड नाम से पुस्तक रूप में प्रकाशित किया गया है।

जापानी लेखक से मिली प्रेरणा
डॉक्टर श्रीधरन बताते हैं कि इसकी प्रेरणा उन्हें जापान में एसएमएस के जरिए लिखे एक नॉवेल से मिली। 2003 में खुद को योशी कहने वाले एक व्यक्ति ने डीप लव नाम से एसएमएस के जरिए एक प्रेम कथा लिखी थी। हालांकि ट्विटर पर इस बेहद लंबे महाकाव्य को लिखने को लेकर डॉ. श्रीधरन को आशंकाएं भी थीं, लेकिन वह यह प्रयोग करना चाहते थे और यह ट्विटर की क्षमता जांचने का एक प्रयोग था। ट्विटर पर हम बहुत सीमित शब्दों में अपनी बात कह सकते हैं। मैंने सोचा कि महाभारत जैसी लंबी कहानी को 140 कैरेक्टर के ट्वीट की सीमाओं में कहना आसान नहीं होगा, लेकिन करके देखते हैं। और इसी तरह साल 2009 में इसकी शुरुआत हुई। डॉक्टर श्रीधरन ने पहले कई पुस्तकों का अध्ययन किया और भीम के नजरिए से महाभारत की कथा लिखनी शुरू की। उनका तर्क है कि इससे कहानी और रोचक हुई है और ट्विटर पर उनके पाठकों ने उसे सराहा है।

You might also like

Comments are closed.