डेनमार्क में आतंकी हमला, एक की मौत

कोपनहेगन। डेनमार्क की राजधानी में शनिवार को चल रहे एक फ्री स्पीच कार्यक्रम में दो आतंकियों ने फायरिंग की। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। अभिव्यक्ति की आजादी से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन स्वीडन के विवादास्पद कलाकार लार्स विक्स ने किया था। 2007 में पैगंबर मुहम्मद का विवादित कार्टून बनाने के बाद से विक्स चरमपंथियों के निशाने पर हैं।

डेनमार्क पुलिस ने बताया कि उत्तरी कोपेनहेगन के कुरुटोंडेन कैफे में ‘कला, ईश निंदा व अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता ‘ विषय पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान फायरिंग की गई। इसमें एक नागरिक की मौत हो गई और तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद दो नकाबपोश कार में सवार होकर भाग गए।

स्थानीय टीवी2 चैनल के अनुसार, कैफे की खिड़कियों पर लगभग 30 गोलियों के निशान हैं। दो लोगों को स्ट्रेचर पर ले जाते देखा गया है, जिसमें एक वर्दीधारी पुलिस भी है।

कार्यक्रम के एक अन्य आयोजक हेले मेरेटे ब्रिक्स ने बताया कि लार्स विक्स सभा में मौजूद थे पर वह जख्मी नहीं हुए। विक्स जब भी डेनमार्क में होते हैं, उन्हें पुलिस सुरक्षा दी जाती है। ब्रिक्स ने बताया कि यकीनी तौर पर विक्स ही आतंकियों के निशाने पर थे। विक्स को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद ने हमले की निंदा की है। एक बयान में ओलांद ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में फ्रांस डेनमार्क के साथ खड़ा है। सभा में मौजूद डेनमार्क में फ्रांस के राजदूत फ्रांकोआ जिमेरी ने ट्वीट कर खुद के सुरक्षित होने की जानकारी दी है।

खबर लिखे जाने तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी। इस साल जनवरी में पैगंबर मुहम्मद का कार्टून प्रकाशित करने को लेकर फ्रांसीसी पत्रिका शार्ली अब्दो के दफ्तर पर हमला किया गया था। विक्स की हत्या की साजिश रचने के जुर्म में एक अमेरिकी महिला को 10 साल कैद की सजा भी हुई है।

‘आतंकी पेरिस में सात जनवरी को कार्टून पत्रिका ‘शार्ली अब्दो ‘ पर किए गए हमले की घटना को दोहराना चाहते थे। उन्होंने उसी तरह बाहर से गोलियां चलाईं लेकिन वे अंदर आने में सफल नहीं हो पाए। ‘
– फ्रांकोआ जिमेरी, डेनमार्क में फ्रांस के राजदूत

You might also like

Comments are closed.