उत्तर कोरिया की बढ़ती परमाणु ताकत ने चीन की भी नींद उड़ाई

koriaसियोल। उत्तर कोरिया की बढ़ती परमाणु ताकत ने उसके सबसे करीबी मित्र चीन की भी नींद उड़ा दी है। चीनी परमाणु विशेषज्ञों ने कहा है कि उत्तर कोरिया परमाणु प्रसार में जुटा है। उसके पास फिलहाल 20 परमाणु हथियार हैं। विशेषज्ञों के हवाले से वॉल स्ट्रीट जर्नल ने बताया है कि अगले साल तक प्योंगयांग के परमाणु हथियारों का जखीरा दोगुना हो सकता है। इसके लिए उसके पास यूरेनियम संवर्धन की क्षमता मौजूद है।
अखबार के मुताबिक 2012 में शी चिनफिंग के चीन के राष्ट्रपति बनने के बाद से दोनों देशों के संबंधों में पहले जैसी गर्मजोशी नहीं रही है। ऐसे में यह चीनी अनुमान, उसके सहयोगी की परमाणु महत्वाकांक्षा को लेकर बीजिंग में बढ़ती चिंता को जाहिर करता है। इससे यह भी पता चलता है कि प्योंगयांग परमाणु हथियारों के रास्ते पर विशेषज्ञों के आकलन से भी कहीं अधिक तेजी से बढ़ रहा है। उल्लेखनीय है कि उत्तर कोरिया 2006, 2009 और 2013 में परमाणु परीक्षण कर चुका है।
पूर्व के अनुमानों से ज्यादा
चीनी विशेषज्ञों का यह आकलन पूर्व में चीन द्वारा लगाए गए अनुमान से कहीं ज्यादा है। यह हालिया अमेरिकी आकलन से भी अधिक है जिसके अनुसार, उत्तर कोरिया के पास परमाणु हथियारों की संख्या 10 से 16 के बीच है। वहीं, स्टॉकहोम पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट का आकलन है कि इस देश के पास 6 से 8 परमाणु हथियार हैं।
बढ़ जाएगी चुनौती
इससे पहले अमेरिकी शोधार्थियों ने अपनी रिपोर्ट में चेतावनी देते हुए कहा था कि उत्तर कोरिया अगले पांच साल में परमाणु हथियारों का प्रसार करने के लिए तैयार प्रतीत होता है और 2020 तक उसके पास 100 परमाणु हथियार हो सकते हैं। उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम के अग्रणी विशेषज्ञ सीजफ्राइड हेकर के अनुसार प्योंगयांग को परमाणु हथियार रहित करने के लिए समझा रहे अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चुनौती उत्तर कोरिया के परमाणु हथियारों के भंडार से बढ़ जाएगी।

You might also like

Comments are closed.