फिर सुर्खियों में शार्ली अब्दो, पेन पुरस्कार पर विवाद गहराया

abdo_pen

वाशिंगटन । फ्रांसीसी कार्टून पत्रिका शार्ली अब्दो को साहित्यिक ‘पेन पुरस्कार’ दिए जाने पर विवाद पैदा हो गया है। पांच मई को पेन लेखक संघ पत्रिका को सम्मानित करेगा। इस फैसले के विरोध में 150 से ज्यादा लेखकों ने समारोह का बहिष्कार करने का फैसला किया है। शार्ली अब्दो के विवादास्पद कार्टूनों के कारण इन लेखकों ने यह फैसला किया है। ये हैं विरोध में शार्ली अब्दो को पुरस्कार देने के विरोध में पेन अमेरिकन सेंटर कार्यक्रम से हटने वालों में पीटर केरी, माइकल ओंदात्जे, फ्रांसिन प्रोज, तेजू कोल, राशेल कुश्नर और ताइये सलासी जैसे प्रतिष्ठित लेखक शामिल हैं। दो बार बुकर पुरस्कार से सम्मानित केरी ने कहा है कि यह पुरस्कार सरकारी दमन के खिलाफ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता संरक्षित करने की समूह की भूमिका से बहुत आगे चला गया है। गलतफहमी का नतीजा शार्ली अब्दो ने विरोध को गलतफहमी का नतीजा बताया है। पत्रिका के फिल्म समीक्षक ज्यां बापतिस्ते थोरेट ने कहा कि यह पुरस्कार शार्ली अब्दो को उसके कंटेंट के लिए नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के उसूलों के लिए दिया गया है। पत्रिका के प्रधान संपादक गेरार्ड बियार्द ने केरी के दलीलों को खारिज करते हुए कहा है कि यदि उन्हें लगता है कि पेन अब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा नहीं करता है तो उन्हें इस संगठन से हट जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि इस साल जनवरी में इस्लामी कट्टरपंथियों ने पेरिस में शार्ली अब्दो के दफ्तर पर हमला कर उसके 12 पत्रकारों की हत्या कर दी थी। गेरार्ड और थोरेट इस हमले में बाल-बाल बच गए थे।

You might also like

Comments are closed.