जापान के साथ हमारे संबंध ‘आगे’ बढ़ रहे हैं: पुतिन

मॉस्को। राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने दशकों पुराने क्षेत्रीय विवाद से आगे बढ़ने के प्रयास के तौर पर जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ मुलाकात के बाद कहा कि जापान के साथ रूस के संबंध आगे बढ़ रहे हैं। गत वर्ष 11 दिसंबर को पुतिन की पहली जापान यात्रा के बाद यह बैठक हुई है। पुतिन की यात्रा के दौरान दोनों नेता द्वीप श्रृंखला पर गतिरोध को समाप्त करने में विफल रहे थे। लेकिन रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि विवाद के बावजूद दोनों देश व्यापार और राजनीतिक संबंध मजबूत करने की ओर महत्वपूर्ण कदम बढ़ा रहे हैं। पुतिन ने मॉस्को में आबे के साथ बातचीत शुरू करते हुए कल कहा, ‘‘पिछली बैठक में बातचीत के दौरान हम हमारे संबंधों, संपर्कों, संयुक्त कार्यों को आगे बढ़ाने पर सहमत हुए थे और हम पहले से ही कुछ निष्कर्ष निकाल सकते हैं, हम आगे की ओर बढ़ रहे हैं।’’ आबे ने गुरुवार को कहा था कि रूस के साथ जापान के द्विपक्षीय संबंध विकसित हो रहे है जैसा कि उन्हें होना चाहिए।

You might also like

Comments are closed.