ईरान पर नए प्रतिबंध लगाना हो सकता है खतरनाक: केरी

सान फ्रांसिस्को। अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा है कि ईरान पर अगर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाते हैं तो इससे वह देश मुश्किल एवं खराब स्थिति में पहुंच सकता है और यह स्थिति खतरनाक होगी। केरी ने कहा है कि ईरान के बैलिस्टक मिसाइल कार्यक्रम से संबंधित नए प्रतिबंध ईरान के लोगों को यह संदेश देंगे कि उन्हें वर्ष 2015 के परमाणु समझौते से कुछ भी हासिल नहीं हुआ। इस ऐतिहासिक समझौते के तहत ईरानी परमाणु विकास पर रोक लगाने के बदले उसके खिलाफ आर्थिक प्रतिबंधों में ढील दी गई है। केरी ने सानफ्रांसिस्को में पलाउशेयर्स फंड के लिए अनुदान इकट्ठा करने के मकसद से आयोजित कार्यक्रम में यह बात की। यह संगठन परमाणु हथियारों से उत्पन्न खतरे को कम करने के लिए काम करता है। ईरान पर नए प्रतिबंध लगाने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अधिकार देने वाले कानून के पक्ष में पिछले महीने सीनेट की फोरन रिलेशंस कमेटी ने तीन के मुकाबले 18 मतों से समर्थन दिया था। केरी ने कहा है कि वह इस बात को लेकर आशान्वित हैं कि ट्रंप अपने प्रशासन में मौजूद ‘‘अच्छे लोगों’’ की बातें सुनेंगे।

You might also like

Comments are closed.