बिहार में नक्सली हमला, तीन जवानों समेत पांच की मौत

औरंगाबाद- बिहार में औरंगाबाद के गोह थाना क्षेत्र के जाजापुर गांव के नजदीक एमवीएल कंपनी के कैंप पर बुधवार शाम हथियारबंद नक्सलियों ने हमला बोल दिया। हमले में कैंप की सुरक्षा में तैनात तीन सैप जवान व दो निजी गार्ड मारे गए, जबकि गोली लगने से दो सैप जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। 16 सैप जवान लापता बताए जा रहे हैं। नक्सली 30 हथियार लूट ले गए हैं। अफरातफरी में तीन अन्य लोग भी घायल हो गए। संपर्क मार्ग खत्म करने के लिए नक्सलियों ने एक पुल भी उड़ा दिया।
जानकारी के अनुसार, शहीद सैप (स्टेट ऑक्सिलरी पुलिस) जवानों के नाम पारसनाथ सिंह, सुभाष सिंह व अमरीक सिंह हैं, जबकि गोली लगने से सैप जवान विमल भगत व मंगल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवानों ने बताया कि सौ से अधिक की संख्या में आए नक्सलियों ने एकाएक कैंप के चारों तरफ से फायरिंग शुरू कर दी। सैप जवानों ने भी तत्काल सक्रिय होकर मोर्चा संभाला लेकिन मुकाबले में कई गुना यादा नक्सली उन पर भारी पड़े। घायल जवानों के अनुसार, नक्सलियों ने कैंप में खड़े सात वाहनों को भी फूंक दिया। नक्सली करीब 30 हथियार लूट ले गए हैं। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। नक्सलियों ने कैंप पर हमला करने के पहले गोह बस स्टैंड के पास स्थित रफीगंज रोड में नवनिर्मित पुल को डायनामाइट से उड़ा दिया। नक्सलियों ने तिनेरी मोड़ व डिहुरी बाजार में भी गोलीबारी की। तिनेरी मोड़ पर वाहन चालक को गोली मार घायल करने की सूचना है। दाउदनगर गया रोड में बहादुरपुर गांव के पास बारूदी सुरंग लगा रखी थी। रजरप्पा से पूजा कर लौट रहे देवकुंड निवासी विजय कुमार एवं सुनील कुमार की बेलेरो चपेट में आ जाने से क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों घायल हो गए हैं। मगध क्षेत्र के डीआइजी नैयर हसनैन खां ने बताया कि घटनास्थल पर सीआरपीएफ, कोबरा एवं एसटीएफ की टुकड़ी मौके पर भेजी जा रही है। एसपी दलजीत सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
एमवीएल कंपनी के कैंप में सैप के तीस जवान तैनात थे। बताया जाता है कि इनमें चार छुंट्टी पर थे। चार बाजार गए थे। जबकि 22 ड्यूटी पर थे। इनमें 16 लापता हैं। आशंका जाहिर की जा रही है कि नक्सली उन्हें अपने साथ ले गए हैं या वे अपनी जान बचाने के लिए नजदीक के जंगल में भाग गए हैं।

You might also like

Comments are closed.