भारतीय-अमेरिकी पेन महत्वपूर्ण पद के लिए नामांकित

वॉशिंगटन,अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने चर्चित भारतीय-अमेरिकी अभिनेता और व्हाइट हाउस के पूर्व कर्मचारी काल पेन को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद के लिए नामांकित किया है। काल पेन का नामांकन कला और मानवीयता (आर्टस एंड द ह्यूमिनिटीज) पर राष्ट्रपति की समिति के सदस्य पद के लिए किया गया है। नेमसेक से चर्चित अभिनेता के नाम की घोषणा कल की गई।
पेन ने ओबामा के पहले कार्यकाल में व्हाइट हाउस में अपनी सेवाएं दी थीं और पिछले साल उनके पुननिर्वाचन के लिए प्रचार अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, खासकर चुनाव के दौरान युवाओं को आकर्षित करने में उनका विशेष योगदान रहा।
काल पेन का जन्म न्यूजर्सी में हुआ था। पेन एक अभिनेता, लेखक और फिल्म निर्माता हैं। उन्होंने हैरॉल्ड और कुमार फिल्म सीरीज की फिल्मों से काफी लोकप्रियता पाई।
वर्ष 2009 से वर्ष 2011 तक पेन ओबामा प्रशासन में ऑफिस ऑफ द पब्लिक एंगेजमेंट में सहायक निर्देशक के पद पर रहे। उन्होंने युवा अमेरिकियों, कला और एशियाई अमेरिकियों व प्रशांत महासागर के समुदायों के लिए सम्पर्ककर्ता के रूप में अपनी सेवा दी।
व्हाइट हाउस का हिस्सा बनने से पूर्व वे लॉस एंजिलिस और न्यूयॉर्क में अभिनय की दुनिया से जुड़े थे। साथ ही वे यूनिवर्सिटी ऑफ पेनसिल्वेनिया में एशियन अमेरिकन स्टूडियोज, फिल्म स्टडीज और समाजशास्त्र विभाग में सहायक व्याख्याता भी रहे।

You might also like

Comments are closed.