अमेरिका में बर्फीले तूफान का कहर बरकरार, अब तक 22 लोगों की मौत

न्यूयॉर्क। अमेरिका के उत्तर और पूर्वी तट को बर्फीले तूफान ने अपनी चपेट में ले रखा है। तूफान के चलते सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। दक्षिणी प्रांतों में हज़ारों की संख्या में लोग बिजली की कमी से जूझ रहे हैं। करीब साढ़े पांच लाख घरों और दफ्तरों में अंधेरा छाया हुआ है।

बर्फीले तूफान और बर्फबारी के दौरान हुए हादसों में करीब 22 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में एक गर्भवती महिला भी शामिल है। हालांकि डॉक्टरों ने उसके आठ महीने के बच्चे को बचा लिया है। महिला बर्फ हटाने वाली मशीन की चपेट में आ गई थी, जिसकी वजह से हादसा हुआ।

तूफान की वजह से करीब छह हज़ार उड़ानों को रद्द कर दिया गया है, जबकि लगभग तीन हजार उड़ानें देरी से चल रही हैं। वॉशिंगटन के आसपास सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और हवाई अड्डों को बंद कर दिया गया है।

इधर, इस मौसम में भी न्यूयॉर्क के स्कूल गुरूवार को खुले रहे। इसे लेकर मेयर बिल डे ब्लासियो को कड़ी आलोचना का भी सामना करना पड़ा। सिटी स्कूल टीचर्स यूनियन के प्रमुख ने कहा कि इतनी ठंड में बच्चों, स्टाफ और टीचरों को स्कूल बुलाना, उनकी जान से खिलवाड़ है।

इस महीने की शुरुआत में ही वॉशिंगटन डीसी, डेट्रॉयट, बोस्टन, शिकागो, न्यूयॉर्क और सेंट लुइस में दो से तीन बार सामान्य से ज्यादा बर्फबारी हो चुकी है। इस तूफान के दौरान भी गुरूवार को वॉशिंगटन डीसी में 15 इंच तक बर्फ गिरी। वहीं, न्यूयॉर्क में 8 इंच के करीब बर्फ गिरी।

उम्मीद जताई जा रही है कि ये बर्फबारी अभी जारी रहेगी। इसकी वजह से कनेक्टिकट और मेसाच्युसेट्स में हालात बिगड़ सकते हैं। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि हफ्ते के अंत तक मौसम सामान्य हो जाएगा।

You might also like

Comments are closed.