दस लाख से अधिक लोग इबोला से प्रभावित

संयुक्त राष्ट्र। पश्चिमी अफ्रीका में जानलेवा वायरस इबोला के प्रकोप से दस लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जानकारी देते हुए आगाह किया कि इस स्वास्थ्य संकट का निकट भविष्य में कोई अंत होता नजर नहीं आ रहा है और इसे रोकने के लिए दुनियाभर के देशों को विशेष उपाय अपनाने होंगे।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि दस से 11 अगस्त के बीच गिनी, लाइबेरिया, नाइजीरिया और सियेरा लियोन में इबोला वायरस के 128 नए मामले सामने आए हैं जबकि 56 मौते हुई हैं। इस तरह वायरस से प्रभावित कुल 1,975 और मौतों की संख्या 1,069 हो गई है। डब्ल्यूएचओ की महानिदेशक माग्रेट चान ने कहा कि दस लाख से अधिक लोग इस बीमारी से प्रभावित हैं और इन्हें भोजन समेत रोजाना की जरूरतें पूरी करने में सहयोग की जरूरत है।

गिनी में स्वास्थ्य आपातकाल घोषित

फ्रीटाउन। अफ्रीकी देश गिनी ने देश में स्वास्थ्य आपातकाल घोषित कर दिया है। इबोला वायरस से अब तक गिनी में 377 लोगों की मौत हो चुकी है। पश्चिमी अफ्रीका जाने वाली बहुत सी उड़ानों को रद कर दिया गया है। राष्ट्रपति अल्फा कोंडे ने स्वास्थ्य संकट को देखते हुए कई जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है और महामारी के नियंत्रण में आने तक लोगों के एक शहर से दूसरे शहर में आने जाने पर रोक लगा दी गई है।

You might also like

Comments are closed.