पाक ने वाघा सीमा पर रिहा किए 173 भारतीय कैदी

लाहौर। पाकिस्तान ने सोमवार को वाघा सीमा पर 173 कैदियों को भारतीय अधिकारियों के हवाले कर दिया। इनमें 172 मछुआरे हैं, जिन्हें रविवार को रिहा किया गया था। इसके साथ ही पाकिस्तान ने सजा पूरी कर चुके अपने सभी कैदियों को भारत से छोड़ने का आग्रह किया है।

पाकिस्तान सरकार के आदेश के बाद रविवार को कराची की दो जेलों में बंद भारतीय मछुआरों को रिहा किया गया था। यह भी कहा जा रहा है कि पाक ने मछुआरों रिहा करने का यह कदम दोनों देशों के बीच उच्च स्तरीय वार्ता फिर से बहाल करने के फैसले के बाद उठाया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने पाकिस्तानी समकक्ष नवाज शरीफ समेत क्रिकेट विश्व कप 2015 में हिस्सा ले रहे सार्क देशों के राष्ट्र अध्यक्षों से वार्ता की थी।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी बयान के मुताबिक, वाघा सीमा पर मछुआरों को भारत के सौंप दिया गया। इन्हें कराची के मालिर और लंधी जेल में रखा गया था। अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा उल्लंघन के आरोप में किए गए भारतीय मछुआरे अपनी सजा पूरी कर चुके थे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार को भी सजा पूरी कर चुके पाकिस्तानी कैदियों को छोड़ देना चाहिए। भारत और पाकिस्तान अक्सर एक दूसरे के मछुआरों को समुद्री सीमा के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार करते रहे हैं। पाकिस्तान की जेलों में अब भी 349 भारतीय मछुआरे बंद हैं। पिछले महीने पाकिस्तान ने 38 मछुआरों को गिरफ्तार किया था।

You might also like

Comments are closed.