बिहार की तबाही देख गृहमंत्री ने दिया मदद का भरोसा

RAJपूर्णिया। बिहार के कोसी क्षेत्र में चक्रवाती तूफान से हुई तबाही देख गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दुख जताया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व अन्य केंद्रीय मंत्रियों के साथ उन्होंने पूर्णिया, मधेपुरा सहित तूफान प्रभावित कई जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। सर्वे के बाद राजनाथ सिंह ने कहा कि तूफान प्रभावित परिवारों की मदद के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। संकट की इस घड़ी में केंद्र सरकार राज्य के साथ खड़ी है। इससे पूर्व केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद व कृषि मंत्री राधामोहन सिंह के साथ पूर्णिया जिले के चूनापुर सैन्य हवाई अड्डे पहुंचे गृहमंत्री की नीतीश कुमार ने आगवानी की और सभी ने साथ सर्वेक्षण किया। इसके बाद प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों व भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी के साथ हवाई अड्डे के अतिथि गृह में बैठक कर राहत कार्यो का जायजा लिया। गृहमंत्री ने कहा कि सर्वेक्षण के बाद फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाएगा। अब तक एक किसान को एक हेक्टेयर का ही मुआवजा मिलता था, जिसे बढ़ाकर दो हेक्टेयर कर दिया गया है। साथ ही मुआवजा राशि भी बढ़ाकर डेढ़ गुनी कर दी गई है। कोसी की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित किए जाने के सवाल पर कहा कि सरकार इसे गंभीरता से ले रही है। लौटकर प्रधानमंत्री को यहां हुई तबाही की पूरी जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार पर आए इस संकट को लेकर केंद्र का रुख सकारात्मक है। तूफान की सुबह गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने खुद उनसे फोन पर बात कर नुकसान का जायजा लिया और मदद का भरोसा दिया था। नीतीश ने कहा कि वित्तमंत्री अरुण जेटली ने भी इस बाबत मदद का आश्वासन दिया है। फिलहाल तूफान में जान गंवाने वालों के परिजनों को चार-चार लाख का चेक सौंप दिया गया है। फसल सर्वे का काम एक सप्ताह में पूरा हो जाएगा, तब इसका उचित मुआवजा दिया जाएगा।

You might also like

Comments are closed.