बेनी बोले, पीएम हाउस में झाड़ू लगाने के भी काबिल नहीं हैं मुलायम

फैजाबाद/नई दिल्ली। अपने विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा फिर चर्चा में है। इस बार बेनी ने समाजवादी पार्टी (सपा) सुप्रीमो मुलायम सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिया है। बेनी ने कहा कि मुलायम सिंह प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के घर झाड़ू लगाने के भी काबिल नहीं है। वहीं, कांग्रेस ने इस बयान को लेकर बेनी को कड़ी फटकार लगाई है।
फैजाबाद में एक कार्यक्रम में बेनी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। पहले उन्हें प्रधानमंत्री के आवास पर सफाई कर्मी की नौकरी के लिए कोशिश करनी चाहिए। बेनी ने कहा कि सपा झूठ और धोखे की बुनियाद पर खड़ी है। कांग्रेस इसे खत्म कर देगी। वहीं, कांग्रेस ने बेनी के बयान से खुद को अलग कर दिया है। कांग्रेस के प्रवक्ता मीम अफजल ने कहा कि हमें नहीं पता कि बेनी प्रसाद ने इस तरह का बयान दिया है या नहीं। अगर उन्होंने इस तरह का बयान दिया है तो यह काफी दुखद है। मुलायम सिंह बड़े नेता हैं। वह काफी समय से राजनीति में हैं। पार्टी बेनी के बयान से खुद को पूरी तरह अलग करती है। उनके बयान से पार्टी का कोई लेना देना नहीं है।
गौरतलब है कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार सपा के भरोसे चल रही है। सपा ने यूपीए को बाहर से समर्थन दे रखा है। जब अफजल से पूछा गया है कि क्या बेनी प्रसाद को यह बताने का वक्त नहीं आ गया है कि उन्हें मुलायम सिंह के खिलाफ विवादित बयान नहीं देने चाहिए, इस पर उन्होंने कुछ नहीं कहा। जब कांग्रेस प्रवक्ता से पूछा गया कि क्या कांग्रेस खुद को असहाय और शर्मिदा महसूस कर रही है तो उन्होंने कहा कि आप यादा जानते हैं।
अफजल ने कहा कि कांग्रेस महासचिव मधुसूदन मिस्त्री बेनी प्रसाद को पहले ही बता चुके हैं कि उन्हें मुलायम सिंह के खिलाफ विवादित बयान नहीं देने चाहिए। मिस्त्री उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हैं। बेनी एक वक्त मुलायम सिंह के काफी करीब हुआ करते थे। अमर सिंह के सपा सुप्रीमो के करीब आने के बाद बेनी को किनारे कर दिया गया था। बेनी ने 2007 में सपा छोड़ दी और 2009 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए।

You might also like

Comments are closed.