राज्यों की समृद्धि और विकास की कामना की नायडू ने

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और छत्तीसगढ समेत अन्य कई राज्यों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुये इनकी समृद्धि और विकास की कामना की है। श्री नायडू ने रविवार को ट्वीट कर कहा कि ये राज्य विकास की नई ऊंचाइयां छूएं और समृद्धि के नए मुकाम हासिल करें। उपराष्ट्रपति ने प्रत्येक राज्य के लिए अलग-अलग ट्वीट किए. उन्होंने हरियाणा, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, आंध्रप्रदेश, निकोबार एवं द्वीप समूह, पंजाब, लक्षद्वीप और पुड्डुचेरी के निवासियों को भी शुभकामनाएं दी है। उन्होंने हरियाणा को बधाई देते हुए कहा, “दूध-दही, खाट और खेती के ठाठ वाले प्रदेश हरियाणा के सब बहन-भाइयां नै हरियाणा दिवस की बधाई।” मध्यप्रदेश के संदर्भ में श्री नायडू ने कहा, “मध्य प्रदेश के भाई-बहनों को प्रदेश स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई! भारत का हृदय कहा जाने वाला यह प्रदेश इतिहास, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत संगम है। सभी प्रदेशवासी स्वस्थ, सुखी और समृद्ध हों, ऐसी मेरी कामना है।” छत्तीसगढ़ का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा, “जीवंत लोक परंपरा, अनूठी संस्कृति और प्रकृति से लोगों का जुड़ाव छत्तीसगढ़ को विशिष्ट बनाता है। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर मेरी शुभकामनाएं! यह प्रदेश नई ऊंचाइयों को छुए।”

You might also like

Comments are closed.