वींटर में अमेरिका से बिजली आयात करेगा ओंटेरियो
ट्रेड वॉर के बीच डग फोर्ड की निर्यात रोकने की धमकी के विपरीत फैसला, अल्फा जनरेशन के साथ 600 मेगावाट बिजली का छह महीने का करार

ओंटेरियो। ओंटेरियो इस सर्दी में अमेरिका से बिजली आयात करेगा। राज्य के स्वतंत्र बिजली ऑपरेटर ने यह घोषणा की है। दिलचस्प बात यह है कि कुछ महीने पहले ही, वर्तमान में चल रहे ट्रेड वार के बीच प्रीमियर डग फोर्ड ने अमेरिका को होने वाले बिजली निर्यात को रोकने की धमकी दी थी।
सर्दियों में बिजली की अतिरिक्त जरूरत पूरी करने के लिए करार
इंडिपेंडेंट इलेक्ट्रिसिटी सिस्टम ऑपरेटर (आईईएसओ) ने 1 अक्टूबर को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि इस करार से आगामी वींटर के दौरान अतिरिक्त शॉर्ट टर्म कैपेसिटी हासिल करने में मदद मिलेगी, जबकि इस बीच फैक्लिटी मेंटेनेंस का काम भी चलेगा।
आईईएसओ के अनुसार, अमेरिका की ‘अल्फा जनरेशन’ के साथ 600 मेगावाट बिजली के लिए यह छह महीने का करार 1 नवंबर से शुरू होगा। हालांकि, आईईएसओ ने रखरखाव के काम के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है, लेकिन राज्य सरकार ने सितंबर में पिकरिंग न्यूक्लियर जनरेटिंग स्टेशन में कई वर्षों तक चलने वाला नवीनीकरण प्रोजेक्ट शुरू किया है।
डग फोर्ड के बयानों से उलट है बिजली आयात का फैसला
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के पोस्टडॉक्टरल फेलो लुईस क्राशिंस्की, जो अमेरिका-कनाडा की राजनीति का अध्ययन करते हैं, उनका कहना है कि यह करार फोर्ड सरकार के हालिया बयानों के बिल्कुल उलट है।
आईईएसओ एक स्वतंत्र संस्था है, जो राज्य के इलेक्ट्रिक ग्रिड की निगरानी करती है और इसका राज्य सरकार से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद, क्राशिंस्की का कहना है कि यह करार अमेरिका के साथ मोलभाव करने के लिए बिजली का इस्तेमाल करने की फोर्ड की रणनीति को कमजोर कर देगा।
उन्होंने आगे कहा, “इतनी सख्त बातें कहने के बाद, मुझे नहीं लगता कि यह डग फोर्ड के लिए बहुत अच्छी स्थिति है।”
ट्रेड वॉर के बीच बिजली निर्यात रोकने की दी थी धमकी
अगस्त में प्रीमियर फोर्ड ने कहा था कि व्यापार युद्ध लंबा खिंचने की स्थिति में वे अमेरिका को दी जाने वाली बिजली और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति रोकने के लिए तैयार हैं। ओंटेरियो से मिशिगन, न्यूयॉर्क और मिनेसोटा में लगभग 1.5 मिलियन लोगों को बिजली भेजी जाती है।
Read Also-टोरंटो चुनाव में सामाजिक संगठनें कर रही हैं मतदाताओं को जागरुक
क्राशिंस्की ने कहा, “फोर्ड के लिए सबसे अच्छी उम्मीद यही हो सकती है कि यह खबर अमेरिका के बहुत सारे मीडिया आउटलेट्स तक न पहुंचे।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर यह बात अमेरिकी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचती है, तो वे बस यही कहेंगे, ‘बहुत बढ़िया, हम इस कॉन्ट्रैक्ट को रद्द कर रहे हैं या हम आपको गंभीरता से नहीं ले रहे हैं, क्योंकि आपको अभी भी हमारी ऊर्जा की जरूरत है।'”
आईईएसओ ने कहा, ओंटेरियो बना रहेगा बिजली का नेट-एक्सपोर्टर
शुक्रवार को एक ईमेल बयान में आईईएसओ के अधिकारियों ने कहा कि नए अनुबंध के बावजूद, ओंटेरियो बिजली का नेट-एक्सपोर्टर बना हुआ है। उन्होंने यह भी बताया कि उनका काम ओंटेरियो के लोगों के लिए बिजली की भरोसेमंद और किफायती आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
आयात से सात गुना अधिक बिजली निर्यात कर रहा है ओंटेरियो
आईईएसओ के अनुसार, ओंटेरियो अपने पड़ोसी क्षेत्रों, जैसे क्यूबेक और न्यूयॉर्क को, 2025 में आयात की गई बिजली की तुलना में सात गुना अधिक बिजली निर्यात कर रहा है।
