बकाया न देने वाले चीनी मिल मालिकों को जेल भेजे सरकार: वाजपेयी

गौतमबुद्धनगर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि कई वर्ष बाद भी गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान नहीं हो पा रहा है। वादे के बावजूद प्रदेश सरकार किसानों को पैसा नहीं दिला पा रही है। सरकार को चाहिए कि चीनी मिल मालिकों को जेल भेजे। ऐसा करते ही तत्काल भुगतान हो जाएगा। पंचायत चुनाव में पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी।

शनिवार को जेवर में भाजपा कार्यकर्ताओं के समक्ष वाजपेयी ने कहा देश की जनता जागरूक हो गई है। सच्चे व मेहनती व्यक्ति को चुन रही है। इसलिए जनता ने एक चाय बेचने वाले को देश का प्रधानमंत्री बना दिया। मोदी ने देश ही नहीं पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन किया है। पूरा विश्व उनका मुरीद होता जा रहा है।

कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि अभी से जिला पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। पार्टी जिला पंचायत के चुनाव में अपना प्रत्याशी उतारेगी। चुनाव में भी दूसरे दलों का सफाया करना है। कार्यकर्ताओं को इसी उदेश्य के साथ काम करना चाहिए। पार्टी के सदस्यता अभियान में भी सभी सदस्यों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।

प्रदेश में हो रही बेतहाशा बिजली कटौती पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपने चहेते जिलों में चौबीस घंटे बिजली की आपूर्ति कर रही है। आने वाले चुनाव में जनता इसका वोट के माध्यम से बदला लेगी। इस अवसर पर उन्होंने सैकड़ों लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

You might also like

Comments are closed.