दिल्‍ली: लवली ने चुन ली नई चुनावी टीम

arvinderlovly

नई दिल्ली,  लंबे इंतजार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने अपनी नई टीम बना ली है। सभी ब्लॉक व वार्ड समितियों के अध्यक्षों के नाम तय कर लिए गए हैं जबकि विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों की फेहरिस्त भी तैयार कर ली गई है। तदर्थ आधार पर तय किए गए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा अगले दो-तीन दिन में किए जाने के संकेत हैं। घोषणा के साथ ही यह भी तय हो जाएगा कि पार्टी किन लोगों के टिकट काटने जा रही है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष लवली की नई टीम में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के समर्थकों के नामों पर जमकर कैंची चली है जबकि पूर्व सांसद सज्जन कुमार व जगदीश टाइटलर को किसी भी समिति का अध्यक्ष नहीं बनाया गया है। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. अशोक कुमार वालिया को पार्टी की घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना है जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा को पार्टी की चुनाव अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

लंबे समय से भंग है कार्यकारिणी

बता दें कि प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी लंबे समय से भंग है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के सभी 140 ब्लॉक तथा 272 वार्ड के अध्यक्षों के नाम तय कर दिए गए हैं। इसी प्रकार चुनाव समिति, घोषणापत्र समिति, चुनाव अभियान समिति, प्रचार समिति आदि के पदाधिकारियों के नाम भी तय कर लिए गए हैं। नई समिति में उन्हीं पूर्व विधायकों के विधानसभा क्षत्रों में उनकी मर्जी के ब्लॉक व वार्ड अध्यक्ष बनाए गए हैं जिन्हें टिकट दिया जाना है। जिन पूर्व विधायकों ने विपरीत परिस्थितियों में पार्टी का साथ नहीं दिया, उनके इलाकों में पूर्व सांसदों की मर्जी के वार्ड व ब्लॉक अध्यक्ष बनाए गए हैं। कुछ पूर्व विधायकों ने पिछले दिनों कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रदेश संगठन में अपनी उपेक्षा किए जाने का अंदेशा जताया था। बताते हैं कि उन विधायकों के इलाकों में कम से कम एक ब्लॉक अध्यक्ष उनकी पसंद का बनाया जा रहा है।

You might also like

Comments are closed.